अयोध्या, रुदौली शहर में सर्राफा बाजार में बार बार अंगूठी बदल कर ठगी करने वाली महिला को दुकानदार ने पुलिस की सौंपा है। ठग महिला के पास से काफी मात्रा में आर्टिफिशियल ज्वेलरी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार शहर के पुरानी सट्टी बाजार में मो शरीफ अहमद ज्वेलर्स की सर्राफा की दुकान है।जानकारी के अनुसार रविवार को नकाबपोश महिला ने झुमकी दिखाने के लिए कहा। दुकान मालिक जहीर ने महिला को झुमकी दिखाई। इसी बीच चालाकी से सोने की ज्वेलरी के स्थान पर नकली झुमकी निकाल कर आर्टिफिशियल झुमकी बदल कर रख दी। तौल के समय दुकानदार के शक होने पर मामला खुल गया और जेवर बदलने की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी किला जितेंद्र सिंह को सूचना दी।
दुकान पर महिला के पास से कई आर्टिफिशियल जेवरात बरामद हुए है। महिला ने बताया कि वह नकली जेवर से नए जेवर खरीदने के बहाने बदल लेती थी। दुकानदार जहीर ने बताया कि महिला ने अपना नाम इरम खान निवासी पूरे बसावन बताया है। दुकान पर आठ बार नकली जेवरात से असली जेवर की ठगी स्वीकार किया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। किला चौकी इंचार्ज जितेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी महिला कितनी घटना में शामिल है। महिला अकेले वारदात को अंजाम दे रही थी या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि तहरीर मिली है। महिला को हिरासत में लिया गया है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
