अयोध्या, रुदौली पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 125 पीतल की टोटियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 की रात ग्राम भौली स्थित पानी की टंकी से पीतल की टोटियों की चोरी की घटना हुई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी थी और सोमवार को मड़हापुल आजाद नगर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रमोद कुमार पुत्र रामनिलावन एवं अभिमन्यु सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी ग्राम पारा पहाड़पुर थाना बाबा बाजार जनपद अयोध्या के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की 125 पीतल की टोटियां बरामद की हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है पूरे माल की बरामदगी भी कर ली गई है। कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा।



