अयोध्या, रूदौली विधानसभा क्षेत्र के शुजागंज स्थित प्राचीन महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रूदौली विधायक रामचन्द्र यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मंदिर परिसर पूरे समय “ॐ नमः शिवाय” के उद्घोष और भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और शिवभक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
आयोजन स्थल पर लगाए गए बैनर-पोस्टरों के माध्यम से सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को दर्शाया गया। कार्यक्रम में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” को आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा से जोड़ते हुए विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया।
विधायक रामचन्द्र यादव ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की सनातन संस्कृति, आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देती है। कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रूदौली सूर्य प्रकाश मिश्रा, एडीओ एसबी भगवान दीन, ग्राम विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जगत नारायण पांडेय, आशीष कैलाश वैश्य, समाज कल्याण विभाग से रवीश कुमार, जितेन्द्र पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष माधूरी सिंह, शिवानंद मिश्रा सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।



