गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात यह हादसा तब हुआ जब राजमार्ग पर एक नीलगाय से बचने की कोशिश में एक ‘बोलेरो’ गाड़ी अनियंत्रित हो गई।
पुलिस का कहना है कि गाड़ी पहले डिवाइडर से टकराई, फिर विपरीत लेन में चली गई और लगभग 100 मीटर तक फिसलने के बाद एक खड़ी रोड रोलर से जा टकराई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई तथा आगे की सीट पर बैठे विजय नारायण तिवारी (65) का शव टूटी हुई खिड़की से बाहर लटका हुआ मिला, जबकि उन्नति तिवारी (18) और शिवम तिवारी (20) गाड़ी के अंदर फंसे रह गए और उनकी सांस थम गई।
पुलिस के अनुसार यह परिवार गोरखपुर जिले के कौड़ीराम में हरिखोरा में एक धार्मिक समारोह और भोज में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था।
नित्यानंद तिवारी ने बताया कि उनके पिता विजय नारायण, उनकी पत्नी साधना (35), भतीजी उन्नति (18), रिश्तेदार नर्मदा (70), भांजा शिवम (20) और शशांक पांडे बोलेरो गाड़ी से लौट रहे थे तथा कोठा निवासी अनिल त्रिपाठी (21) गाड़ी चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, मझगांवा पुल के पास अचानक राजमार्ग पर एक नीलगाय आ गई तथा उसे बचाने के चक्कर में चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया।
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बचाव दल ने घायलों – साधना, शशांक, नर्मदा और चालक अनिल को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
गगहा के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राजकुमार सरोज ने बताया कि दुर्घटना के समय गाड़ी लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी।
एसएचओ ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




