चीन के किंगदाओ बंदरगाह पर एक विदेशी मालवाहक जहाज में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब जहाज मरम्मत और निरीक्षण के लिए चीन के किंगदाओ स्थित बेइहाई शिपयार्ड में खड़ा था।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, आग गुरुवार सुबह करीब 11:15 बजे लगी और दोपहर करीब 2:30 बजे तक उस पर काबू पा लिया गया।
हादसे में शामिल जहाज की पहचान ‘ओशन मेलोडी’ के रूप में हुई है। जहाज लाइबेरिया के झंडे के तहत पंजीकृत एक ड्राई बल्क कैरियर है। हादसे के समय जहाज पर कुल 42 लोग सवार थे। इनमें से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि पांच लोग घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने के बाद जहाज से भारी धुआं उठता दिखाई दिया। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया। हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए लापता लोगों की तलाश तेज करने, घायलों का इलाज सुनिश्चित करने और हादसे की वजह जल्द पता लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर भी जोर दिया है।
‘ओशन मेलोडी’ करीब 20 साल पुराना जहाज है और उपलब्ध जहाज-निगरानी आंकड़ों के अनुसार यह 31 अगस्त को किंगदाओ पहुंचा था। इसके बाद इसे मरम्मत के लिए शिपयार्ड में रखा गया था। फिलहाल अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।