बरेली जिले के भमौरा थाना क्षेत्र के सरदारनगर में सोमवार को एक विशालकाय पानी की टंकी अचानक ढह गई, जिससे टंकी के नीचे छाया में ताश खेल रहे सात लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया, जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टंकी ताश के पत्तों की तरह गिरी और धमाका इतना तेज था कि दूर-दराज तक आवाज सुनाई दी। यह टंकी हाल ही में बनी थी। इस हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग बचाव में जुट गए और मलबे से सात लोगों को बाहर निकाला।
घायलों में डोरीलाल (65) की हालत चिंताजनक बताई गई है। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह और आंवला की उप जिलाधिकारी (एसडीएम) विदुषी सिंह मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने कहा कि पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज देना और राहत कार्य पूरा कराना है। निर्माण में खामियों की जांच बाद में की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे सरदारनगर में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। मलबा हटाने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई और व्यक्ति न दबा हो, युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
टंकी के निर्माण का ठेका एनसीसी लिमिटेड और टीपीआई बीएलजी कंपनी को दिया गया था निर्माणदाई संस्था एनसीसी लिमिटेड के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है। जल निगम ग्रामीण के जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है।
राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अस्सिटेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को बर्खास्त कर दिया गया है।
जल निगम ग्रामीण के असिस्टेंट इंजीनियर के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं और अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। टीपीआई बीएलजी के बरेली स्थित सभी कर्मचारियों को हटा दिया गया है। कंपनी पर जुर्माना भी लगाया गया है।




