अयोध्या के मनुचा तिराहे स्थित मनुचा कोठी के भवन में देवकाली उपडाकघर का औपचारिक शुभारंभ किया गया। मण्डल के प्रवर अधीक्षक डाकघर हरे कृष्ण यादव ने फीता और केक काटकर इस केंद्र का उद्घाटन किया।
इस दौरान उनके साथ परिवाद निरीक्षक भीम प्रसाद और मुख्य विपणन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद श्री यादव ने स्वयं कंप्यूटर संचालित कर सेवाओं की शुरुआत की और बताया कि अब स्थानीय निवासियों को डाक और बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
इस नए उपडाकघर में स्पीड पोस्ट और पार्सल के साथ-साथ बचत खाता, आरडी, मासिक आय योजना, किसान विकास पत्र और राष्ट्रीय बचत पत्र जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा यहाँ पैसे जमा करने, निकालने और एटीएम जैसी डिजिटल सुविधाएं भी मिलेंगी। जानकारी दी गई कि पहले से कार्यरत देवकाली शाखा डाकघर को अब बाईपास स्थित दीनदयाल नगर कॉलोनी में स्थानांतरित कर दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान राघवेंद्र प्रताप सिंह, ज्योतिरादित्य सिंह, भवन स्वामिनी अंबिका मनुचा और सबपोस्टमास्टर श्रद्धा तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




