प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल से पुलिस अभिरक्षा से फरार दुष्कर्म के एक आरोपी को प्रतापगढ़ जिले की मानिकपुर पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसके पास से एक अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पश्चिमी क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बृजनंदन राय ने बताया कि कोतवाली कुंडा थाना क्षेत्र के रहवई गांव निवासी जलालुद्दीन ने गत रविवार-सोमवार की रात मानिकपुर क्षेत्र के एक गांव में अपने परिचित के घर दो वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
एएसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मानिकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह शुक्रवार रात करेंटी तिराहे पर पुलिस टीम के साथ जांच कर रहे थे। इसी दौरान फरार आरोपी वहां पहुंचा और पुलिस टीम पर गोलियां चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



