बलरामपुर जिले के तुलसीपुर कस्बे में कथित तौर पर एक युवक ने अपने पिता की लाठी, डंडो से पीट-पीट कर हत्या कर दी और मां को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार तुलसीपुर कस्बा निवासी पिंटू (28) नशे का आदी है और शनिवार की रात नशे में किसी बात को लेकर उसका अपनी मां से विवाद होने लगा।
उसने बताया कि पिंटू ने अपनी मां फूलवती (55) पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता कल्लू (60) पर भी उसने लाठियों से हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस कल्लू और फूलमती को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने कल्लू को मृत घोषित कर दिया।
तुलसीपुर के थाना प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, विधिक कार्यवाही की जाएगी।
जांच व आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया।
— BALRAMPUR POLICE (@balrampurpolice) July 26, 2026










