सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर ग्राम लोढ़ी के पास एक कार के पलटने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार लोग घायल हो गए।
थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि कन्हौरा गांव से एक बारात रायपुर थाना क्षेत्र के पौनी गांव गई थी। शनिवार भोर में आठ लोग जायलो कार में सवार होकर बारात से लौट रहे थे। लोढ़ी गांव के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में नितीश यादव (25), जितेंद्र साहनी (22) और दिलीप पासवान (22) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक छोटेलाल (28) को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



