अयोध्या, जनपद के सोहावल विकास खंड में तैनात एक ग्राम पंचायत अधिकारी को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता मुख्तार अहमद, जो थाना रोनाही के चिर्रा मोहम्म्दपुर के निवासी हैं, ने अपने पुत्र और पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगवाने के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी से संपर्क किया था । आरोप है कि इस कार्य के बदले ग्राम पंचायत अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
मुख्तार अहमद ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक, उ०प्र० सतर्कता अधिष्ठान (अयोध्या सेक्टर) से की । जांच में मामला सही पाए जाने पर जाल बिछाया गया । 24 अप्रैल 2026 को, आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर सुचित्तागंज स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया।
जैसे ही राजीव कुमार श्रीवास्तव ने 10,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार की, मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।
आरोपी अधिकारी के विरुद्ध सतर्कता अधिष्ठान थाना, अयोध्या सेक्टर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है । सतर्कता विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा।




