बरेली जिले में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते 50 वर्षीय एक व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि भमोरा थानाक्षेत्र के एक गांव में हुई इस वारदात में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान कल्लू उर्फ कल्याण के रूप में हुई है, जो खेतों में गया था, तभी कथित तौर पर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिसकी वजह से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक (उत्तर) अंशिका वर्मा ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही वह आंवला के क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार और भमोरा के थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चलता है कि भूमि मामले में लंबे समय से चले आ रहे विवाद के कारण हत्या की गई है।




