अयोध्या, थाना तारुन पुलिस की मानवीय पहल से एक टूटता हुआ रिश्ता फिर से जुड़ गया। दोनों पक्षों में आपसी सुलह के बाद पीड़िता का विवाह गुरुवार को हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया।
जानकारी के अनुसार थाना तारुन क्षेत्र के ग्राम बिजनपुर सजहरा की युवती का विवाह सुलतानपुर जनपद के देवलर क्षेत्र निवासी अनिल वर्मा के साथ तय हुआ था। 17 फरवरी 2026 की तिथि निर्धारित थी, लेकिन किन्हीं कारणों से वर पक्ष ने विवाह से इंकार कर दिया।
पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना तारुन में मुकदमा अपराध संख्या 50/26 धारा 69, 351(3) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया। विवेचना उपनिरीक्षक रवि कुमार शर्मा को सौंपी गई।
19 फरवरी को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर वार्ता की। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने संवेदनशीलता के साथ मध्यस्थता की।
मध्यस्थता के बाद दोनों पक्ष आपसी मतभेद भुलाकर पुनः विवाह के लिए तैयार हो गए गुरुवार को वर अनिल वर्मा बारात लेकर युवती के घर पहुंचे और हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकार दिलाना और समाज में सामंजस्य स्थापित करना है। पुलिस की पहल से एक परिवार टूटने से बच गया और नवदंपति के नए जीवन की शुरुआत हुई










