अयोध्या में आगामी 22 फरवरी (रविवार) को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
शिविर के सफल संचालन एवं व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से मंगलवार दोपहर 2 बजे न्याय रथ को रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश रणंजय कुमार वर्मा ने दीवानी न्यायालय परिसर से न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर प्रस्थान कराया।

न्याय रथ के माध्यम से आमजन को निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी जाएगी तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
साथ ही अधिक से अधिक लोगों को मेगा विधिक सहायता शिविर से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अयोध्या की सचिव रजनी शुक्ला सहित न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा सीजीएम सुधांशु शेखर उपाध्याय, एसीजीएम महेंद्र पासवान, बार एसोसिएशन अध्यक्ष कालिका मिश्रा तथा अधिवक्तागण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।




