अयोध्या, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में 84 कोसी व 14 कोसी परिक्रमा मार्ग एवं उप्र आवास विकास परिषद की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक में अयोध्या में प्रचलित एनएच 227बी (84 कोसी परिक्रमा मार्ग), अयोध्या बाईपास (रिंग रोड), उप्र आवास एवं विकास परिषद व 14 कोसी परिक्रमा मार्ग की परियोजनाओं में प्रभावित भूमि का अभिनिर्णय घोषित करने तथा प्रभावित भूस्वामियों को भूमि का प्रतिकर भुगतान यथाशीघ्र कराये जाने व स्थल पर परियोजनाओं में यथाशीघ्र भौतिक प्रगति करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने मिल्कीपुर में 84 कोसी परिक्रमा में फेज 2 व फेज 3 में संबंधित अधिशाषी अभियंता व लेखपाल को निर्देश दिए कि स्वयं जाकर सत्यापन करें, जिससे भुगतान की कार्रवाही की जा सके। उन्होंने पाया कि तहसील सदर में भिटौरा, समदा व बंधनपुर में 84 कोसी में कार्यवाही धीमी चल रही है जिस तेजी लाने के निर्देश उप जिलाधिकारी सदर को दिए।
इसी तरह सोहावल व बीकापुर में भी 84 कोस में सत्यापन की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश संबंधित उप जिलाधिकारियों को दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (भूअ) कौशल कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर योगांनद पांडेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरूद्ध प्रताप सिंह सहित संबंधित उप जिलाधिकारी गण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




