पणजी, उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई। यह आग राज्य की राजधानी पणजी से लगभग 25 किलोमीटर दूर अरपोरा गाँव के बिर्च बाय रोमियो लेन में आधी रात के कुछ देर बाद लगी।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि अधिकांश पीड़ित रसोई कर्मचारी थे, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। मरने वालों में “तीन से चार पर्यटक” भी शामिल थे।
प्रारंभिक रिपोर्टों से पता हाला हैं कि नाइट क्लब ने अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया था। सावंत ने कहा, “हम क्लब प्रबंधन और उन अधिकारियों, दोनों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे जिन्होंने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के बावजूद इसे संचालित होने दिया।” गोवा पुलिस प्रमुख आलोक कुमार ने पुष्टि की कि आग सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी थी।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने हादसे पर दुख जताते हुए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। मृतकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
https://twitter.com/FltLtAnoopVerma/status/1997578223581037009?s=20
भाजपा विधायक माइकल लोबो ने कहा कि वह इस घटना से बेहद व्यथित हैं। उन्होंने बताया कि कुछ पीड़ित पर्यटक थे, जबकि ज़्यादातर रेस्टोरेंट के बेसमेंट में काम करने वाले स्थानीय कर्मचारी थे।
उन्होंने कहा, “हमें गोवा के बाकी सभी क्लबों का सुरक्षा ऑडिट करवाना होगा। यह बेहद ज़रूरी है। पर्यटक हमेशा से गोवा को एक सुरक्षित जगह मानते आए हैं, लेकिन आग लगने की यह घटना बेहद परेशान करने वाली है और भविष्य में ऐसी त्रासदियाँ नहीं होनी चाहिए। इन प्रतिष्ठानों में पर्यटकों और कर्मचारियों, दोनों की सुरक्षा सबसे ज़रूरी है। ज़्यादातर लोगों की मौत बेसमेंट की ओर भागते समय दम घुटने से हुई।”




