अयोध्या, पटरंगा थाना क्षेत्र के मिलगेट चौराहे पर मंगलवार रात बेखौफ चोरों ने दो व्यापारियों के घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय दोनों परिवार छत पर सो रहे थे। सुबह नीचे उतरने पर घर का सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने अरविंद कुमार गुप्ता और अनिल कुमार साहू के मकानों में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए। बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
सुबह परिजन जब नीचे उतरे तो घर का सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई और चोरी की घटना की सूचना थाना पटरंगा को दी।
घटना की सूचना मिलते ही पटरंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।प्रभारी निरीक्षक पटरंगा शशिकांत यादव ने बताया कि मामले जाँच कर कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।










