मुजफ्फरनगर, दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित छपार टोल प्लाजा के एक उप प्रबंधक का अपहरण कर चाकू मारकर हत्या कर दी गई, वहीं प्लाजा प्रबंधक इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को शुक्रवार की देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से दो को पैर में गोली लगी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रविशंकर ने बताया कि मृतक की पहचान छपार टोल प्लाजा के उप प्रबंधक अरविंद पांडेय के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह मेरठ जिले के जानी थाना इलाके में उनका शव मिला, जिस पर चाकू से कई वार किए गए थे। हमले में टोल प्लाजा प्रबंधक मुकेश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है।
चौहान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो टोल प्लाजा कर्मचारियों सुगम और शिव मलिक सहित कई लोगों के खिलाफ हत्या, अपहरण और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपी बृहस्पतिवार देर रात एक कार में सवार होकर आए और प्रबंधक के कमरे में जबरन घुस गए। इसके बाद पांडेय का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने पांडेय की हत्या कर दी और चौहान को घायल कर दिया।
शुक्रवार देर रात पुलिस की बदमाशों से पानीपत-खटीमा मार्ग पर फ्लाईओवर के नीचे मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने फायरिंग की तो पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें शुभम चौधरी और शेखर के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी प्रदीप भी धर दबोचा गया। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा कार और हथियार बरामद किए गए।