लखनऊ, उत्तर प्रदेश के बलिया की बांसडीह विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक केतकी सिंह द्वारा अखिलेश यादव पर कथित रूप से “टोंटी चोरी” संबंधी टिप्पणी करने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है।
कृष्ण कन्हैया पाल ने इस नोटिस में कहा, “उक्त जवाब देखने और सुनने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि आपने (केतकी सिंह) दुर्भावनापूर्ण ढंग से आरोप लगाया कि जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास से टोंटियां चोरी की थी।
पाल ने कहा, “आपने जानबूझकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान में कन्नौज से लोकसभा सांसद अखिलेश यादव को बदनाम करने के इरादे से एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया।” पाल ने सिंह पर दुर्भावनापूर्ण इरादे से सपा प्रमुख के खिलाफ ऐसी टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने इन टिप्पणियों को अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी और इसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ भ्रामक अपमानजनक बताया।
पाल ने कहा, “उक्त वीडियो देखकर मेरे परिचित लोगों ने मुझे और अखिलेश यादव के प्रशंसकों को टोटी चोर कहना शुरू कर दिया जो बहुत अपमानजनक है और मन व्यथित करता है।
भाजपा विधायक से माफी मांगने की मांग करते हुए पाल ने नोटिस में कहा, “उक्त तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए आपसे अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के पक्ष में बिना किसी शर्त के लिखित तौर पर सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की जाती है जो इस नोटिस के प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय समाचार पत्रों में प्रकाशित और चैनल पर प्रसारित की जाए।


