नयी दिल्ली, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कर चोरी की जांच से बचने के लिए माल एवं सेवा कर (जीएसटी) आसूचना विभाग के एक अधीक्षक को 22 लाख रुपये की रिश्वत की कथित तौर पर पेशकश करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
कई ऑनलाइन कंपनियों द्वारा कथित कर चोरी की जांच कर रहे अधिकारी से रिश्वत के बदले में कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए संपर्क किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों व्यक्तियों ने अधिकारी को 22 लाख रुपये की रिश्वत की पेशकश की थी, जिसने तुरंत सीबीआई को सूचित किया और आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोनों व्यक्तियों को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘गिरफ्तारी के बाद, सीबीआई ने आरोपियों से जुड़े विभिन्न स्थानों पर व्यापक तलाशी शुरू की है, जिस दौरान रिश्वतखोरी के प्रयास और कर चोरी की योजना से संबंधित और सबूत मिलने की उम्मीद है।


