संभल जिले के चंदौसी में भारी बारिश के चलते जलमग्न सड़क पर जा रहे बाइक सवार एक कांस्टेबल (सिपाही) की सोमवार सुबह नाले में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि आज थाना चंदौसी में सीकरी गेट में सुबह 10 बजे चंदौसी मेले में तैनात कांस्टेबल रजनीश कुमार जब ड्यूटी पर जा रहा था तो सड़क जलमग्न होने के कारण बाइक फिसल गई और वो नाले में जा गिरा।
उन्होंने बताया कि नाले की चौड़ाई काफी अधिक और लंबाई 25 मीटर के आस-पास होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई।
एसपी ने कहा कि सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।








