लखनऊ, प्रदेश की राजधानी में मर्चेंट नेवी के सेवानिवृत्त अधिकारी और उनके 100 वर्षीय पिता से साइबर अपराधियों ने कथित रूप से 1.29 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यहां सैनिक हाउसिंग सोसाइटी के निवासी सुरिंदर पाल सिंह ने बुधवार को सरोजिनी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त को हरदेव सिंह को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी आलोक सिंह बताया और बुजुर्ग व्यक्ति पर धनशोधन का आरोप लगाया और दावा किया कि उनके नाम पर गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद जालसाज़ों ने व्हाट्सऐप के जरिए उन्हें ‘डिजिटल अरस्टे’ कर लिया।
इसके बाद दूसरे शख्स ने सीबीआई का अन्य अधिकारी बनकर हरदेव सिंह को कॉल किया और उन्हें फिर धमकी दी। सौ साल के बुजुर्ग को सत्यापन के लिए उनके (ठगों के) साथ बैंक खाते की जानकारी साझा करने के लिए कहा गया।
पुलिस ने बताया कि जब सुरिंदर पाल सिंह घर लौटे, तो उन्हें अपने पिता डरे हुए मिले। पुलिस के मुताबिक, अपने पिता की गिरफ्तारी के डर से, सुरिंदर ने ठगों की मांग मान लीं। उनका अपने पिता के साथ संयुक्त खाता है।
शिकायत में कहा गया है कि 21 से 26 अगस्त के बीच उन्होंने ठगों द्वारा दिए गए बैंक खातों में 1.29 करोड़ रुपये स्थानांतरित कर दिए। सरोजिनी नगर थाने के प्रभारी (एसएचओ) राजदेव राम प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।