बाराबंकी, शुक्रवार को एक यात्री बस पर अचानक पेड़ गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिला शिक्षक और ड्राइवर शामिल हैं। हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जबकि कुछ लोग बस के अंदर फंसे रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बस में फंसी एक महिला वीडियो बना रहे युवक पर भड़कती नजर आ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार 60 लोगों से भरी बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी। शुक्रवार सुबह 11 बजे हरख चौराहे के पास बस के सामने एक जानवर आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बस पहले बिजली के पोल से टकराई, फिर पेड़ से जा भिड़ी। इसके बाद पेड़ बस के ऊपर गिर गया। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर राहगीर और आसपास के लोग जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। जेसीबी बुलाकर पेड़ हटवाया। करीब 1 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। बस में सवार यात्रियों को पुलिस ने दूसरी बस से भेजा। पेड़ इतना भारी था कि बस की पूरी छत पिचक गई।
हादसे में मृतकों की पहचान बाराबंकी निवासी शिक्षा मल्होत्रा (टीचर), मीना श्रीवास्तव (ADO), जूही सक्सेना (ADO), रकीबुल निशा (55) और बस चालक संतोष सोनी के रूप में हुई है। जूही सक्सेना हरख ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी (सांख्यिकी) थीं, जबकि मीना श्रीवास्तव हरख ब्लॉक में ही सहायक विकास अधिकारी (वेलफेयर) तैनात थीं।
घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।







