बाराबंकी, बाराबंकी जिले के रामनगर में स्थित पौराणिक तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रविवार को एक लोहे की सीढ़ी में फैले करंट की चपेट में आने से दो स्थानीय दुकानदारों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रामनगर कोतवाली क्षेत्र के महादेवा में सड़क के किनारे स्थित दुकान की सीढ़ियों में करंट फैल गया। उसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे एक दुकान की आंतरिक वायरिंग से करंट लोहे की सीढ़ियों में फैल गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार सावन के चौथे सोमवार के अवसर पर महादेवा में रविवार से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। मंदिर परिसर से लगभग 300 मीटर दूर सूरतगंज मार्ग के किनारे महादेवा चौकी के पास बाजार सजा हुआ था। इसी स्थान पर गोबरहा गांव निवासी संजय कुमार (32) का एक फोटो स्टूडियो और लइया की दुकान है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बाजार में प्रथम तल पर स्थित स्टूडियो की ओर जाने वाली लोहे की सीढ़ियों में दुकान की आंतरिक वायरिंग से करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही संजय सीढ़ियों के पास पहुंचा, तभी वह करंट की चपेट में आ गया।
सूत्रों ने बताया कि संजय को करंट लगने से तड़पता देखकर उसके साथ काम करने वाला 30 वर्षीय हौंसला ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में दोनों की चिपककर मौत हो गई।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत किसान सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई तहसील प्रशासन द्वारा की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


