जम्मू कश्मीर से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां रामबन के नचलाना में 4 बसों में टक्कर हो गई। बताया गया कि, सभी बसें अमरनाथ यात्रा काफिले की थी। वहीं इस हादसे में कई तीर्थयात्री घायल भी हो गए हैं।
दरअसल, आज रामबन के नचलाना में अमरनाथ यात्रा काफिले की एक बस का ब्रेक फेल हो गया था। जिस वजह से एक साथ अन्य बसों की जबरदस्त टक्कर हो गई। वहीं बताया गया कि, इस दुर्घटना में 30 से ज्यादा तीर्थयात्री घायल हो गए। जिसके बाद मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद सभी घायल तीर्थयात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई और क्षतिग्रस्त बसों को बदलने के बाद काफिले को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, 6,979 तीर्थयात्रियों का चौथा जत्था दो अलग-अलग काफिलों में तड़के साढ़े तीन बजे से चार बजकर पांच मिनट के बीच भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ था।
चौथे जत्थे में 5,196 पुरुष, 1,427 महिलाएं, 24 बच्चे, 331 साधु और साध्वी तथा एक ट्रांसजेंडर शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि 4,226 तीर्थयात्री 161 वाहनों में सवार होकर 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग से नुनवान आधार शिविर के लिए रवाना हुए जबकि 2,753 तीर्थयात्री 151 वाहनों में सवार होकर 14 किलोमीटर लंबे लेकिन अधिक ढलान वाले बालटाल मार्ग से रवाना हुए।
बता दें कि, इस मामले में रामबन के डिप्टी कमिश्नर (DEO) ने ट्वीट किया, “पहलगाम काफिले के आखिरी वाहन ने नियंत्रण खो दिया और चंद्रकोट लंगर स्थल पर फंसे वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और 36 यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
घटनास्थल पर पहले से मौजूद जिला प्रशासन ने घायलों को तुरंत डीएच रामबन पहुंचाय। यात्रियों को बाद में उनकी आगे की यात्रा के लिए अन्य वाहनों में स्थानांतरित कर दिया गया।”
वहीं रामबन, डिप्टी कमिश्नर (DEO) ने जानकारी देते हुए बताया कि, पहलगाम काफिले का आखिरी वाहन नियंत्रण खो बैठा और चंदरकोट लंगर स्थल पर फंसे वाहनों से टकरा गया, जिससे 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और 36 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत डीएच रामबन में स्थानांतरित कर दिया गया है।


