अयोध्या, अयोध्या के कोतवाली नगर क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने और करीब 32 लाख रुपये कीमत का 306 ग्राम सोना बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 26,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक महिंद्रा थार वाहन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अमृतसर निवासी सुखविंदर सिंह ने 30 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। इसी आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में दिव्यांश उर्फ रौनक गुप्ता (23), निवासी कौशलपुरी कॉलोनी, अयोध्या और अभिषेक सिंह उर्फ तनू (21), निवासी मानिकपुर, सुल्तानपुर को 1 नवंबर की रात करीब 2:39 बजे गैस गोदाम बैरियर के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि सुखविंदर सिंह ज्वेलरी लेकर विभिन्न दुकानों पर बिक्री के लिए जाते थे। आरोपियों ने कथित तौर पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और 29 अक्टूबर को उनके पास मौजूद आभूषण लूटने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, उस दिन सुखविंदर सिंह एक दुकान पर ज्वेलरी दिखाने पहुंचे थे। खरीदारी नहीं होने के बाद वह ई-रिक्शा से चौक की ओर जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। पुलिस का आरोप है कि एक अन्य साथी वाहन से उनका पीछा कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि लूट के बाद वे माल आपस में बांटने के लिए एकत्र हुए थे। इस दौरान उनके एक अन्य साथी सजल तिवारी का इंतजार किया जा रहा था। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने जांच के दौरान धारा 317(2) और 61(2) भी जोड़ी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।