दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने थाईलैंड के बैंकॉक से करीब तीन करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा लाने के आरोप में एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया है।
हाइड्रोपोनिक गांजा भांग की एक उच्च नशीली क्षमता वाली किस्म है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भारतीय महिला 16 अक्टूबर को बैंकॉक से हवाई अड्डे के टर्मिनल-तीन पर पहुंची थी।
बयान में कहा गया है कि यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे एक्स-रे जांच के लिए ग्रीन चैनल पर भेजा गया। उसके सामान और व्यक्तिगत तलाशी के दौरान दो पॉलीथीन पाउच बरामद किए गए, जिनमें हरे रंग का पदार्थ था। इसका वजन 2.99 किलोग्राम था।
बयान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह पदार्थ गांजा या मारिजुआना पाया गया। जब्त किए गए पदार्थ की कीमत करीब 2.99 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध मादक पदार्थ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 43(क) के तहत जब्त किया गया, जबकि महिला यात्री को इसी कानून की धारा 43(ख) के तहत गिरफ्तार किया गया।