अयोध्या जिले में रुदौली कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शुजागंज-भेलसर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। शुक्रवार की दोपहर धर्मकांटा के सामने तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन वर्षीय मासूम बच्ची सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में साइकिल सवार का एक पैर पूरी तरह कट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रुदौली कोतवाली क्षेत्र के कोटरा गांव निवासी श्याम बाबू (25) पुत्र चंद्रिका प्रसाद शुक्रवार दोपहर अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। उनकी बाइक पर मीणा (30) पत्नी अर्जुन कुमार और उनकी तीन वर्षीय बेटी पलक सवार थीं। इसी दौरान शुजागंज-भेलसर मार्ग पर स्थित धर्मकांटा के पास सुजागंज की तरफ जा रहे साइकिल सवार अबरार उर्फ पप्पू (65) निवासी भेलसर से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और साइकिल पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन श्याम बाबू, तीन वर्षीय पलक और अबरार उर्फ पप्पू की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अयोध्या जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं घायल महिला मीणा का इलाज सीएचसी रुदौली में जारी है। इस भीषण दुर्घटना में अबरार का एक पैर पूरी तरह कट जाने के कारण उनकी स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। मामले में रुदौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलते ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।