अमेठी जिले में फुर्सतगंज थाना क्षेत्र के एक कस्बे में 19 वर्षीय छात्रा से कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा फुर्सतगंज थाना क्षेत्र के एक कस्बे में किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी। छात्रा का आरोप है कि बृहस्पतिवार रात मकान मालिक के 22 वर्षीय एक रिश्तेदार ने उससे दुष्कर्म किया।
घटना के बाद छात्रा ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसकी मां ने फुर्सतगंज थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तिलोई के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर फुर्सतगंज थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।