अयोध्या, जिले की कोतवाली नगर पुलिस और स्वात (SWAT) टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए खुदाई में मिले प्राचीन सोने-चांदी के जेवरात का झांसा देकर लूट और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने 4 पुरुष और 1 महिला समेत कुल 5 आरोपियों को धर दबोचा।
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने रायबरेली रोड स्थित उसरू नहर के पास, एमबी पब्लिक स्कूल के सामने से घेराबंदी कर सभी 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से टप्पेबाजी और लूट के 2 लाख 5 हजार रुपये नकद, 12 बोर के 2 अवैध तमंचे और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस की पूछताछ में गिरोह के बेहद शातिर मोड्स ऑपरेंडी (अपराध के तरीके) का खुलासा हुआ है। गिरोह के सदस्य लोगों को यह विश्वास दिलाते थे कि उन्हें जमीन की खुदाई के दौरान भारी मात्रा में प्राचीन सोने की मालाएं और चांदी के सिक्के मिले हैं।
अयोध्या में हुई घटना का जिक्र करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी सूरज राय ने पीड़ित को असली सोने का एक दाना और चांदी का सिक्का दिखाकर झांसे में लिया तथा 5-6 लाख रुपये के जेवरात बेहद कम दाम में बेचने का लालच दिया। पीड़ित जब 2 लाख रुपये नकद लेकर तय जगह पर पहुँचा, तो आरोपियों ने तमंचे के बल पर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए थे।
गहन जांच के बाद इस गिरोह का संबंध अलीगढ़ जिले के क्वार्सी थाना क्षेत्र में हुई टप्पेबाजी की घटना से भी पाया गया है। इसके अलावा, गिरोह के तार बहराइच, इटावा, उन्नाव और राज्य के अन्य जिलों से भी जुड़े हुए हैं।
अयोध्या और अलीगढ़ में इस गिरोह के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी व विधिक कार्रवाई की जा रही है।










