इटावा, ARTO प्रवर्तन हुमा परवीन ने अवैध और ओवरलोड ट्रक जब्त करने के बाद अपनी जान-माल को खतरा बताया है। उनका आरोप है कि 5 अगस्त को एक ऐसा ट्रक मिला था जिसकी नंबर प्लेट नहीं थी और वह ओवरलोड भी था। उन्होंने उसे फर्जी वाहन मानकर सीज करने की कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया, जबरदस्ती रोका और धमकी दी कि वाहन को सीज न करें वरना अच्छा नहीं होगा। फिर भी उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई पूरी की।
इस घटना के बाद से लगातार उनकी गाड़ी का पीछा किया जा रहा है। कभी कार से तो कभी स्कूटी से लोकेशन ट्रैक की जाती है और सुनसान जगहों पर गाड़ी रोककर धमकाने की कोशिश की गई। हुमा परवीन का कहना है कि उनके पास इस पूरे प्रकरण के वीडियो सबूत मौजूद हैं।
उन्होंने एसपी को लिखित शिकायत दी है, सीओ सिटी को जानकारी दी है और एसएसपी से सुरक्षा की मांग की है। उनके साथ फिलहाल सिर्फ एक सिपाही रहता है, इसलिए सुनसान जगह पर कोई अप्रिय घटना हो सकती है। आरोप एक यूट्यूबर/दलाल पर लगाया गया है, जो कथित तौर पर मौरम और गिट्टी से लदे ट्रकों को पास कराने का काम करता है। एक ट्रक के लिए करीब एक हजार रुपये लिए जाते हैं और खनन माफियाओं को ARTO की लोकेशन भी बताई जाती है।
हुमा परवीन ने अनुराग सक्सेना नाम के व्यक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि वह ‘न्यूज 24’ चलाते हैं और पत्रकारिता की आड़ में दलाली का काम कर रहे हैं।हुमा परवीन ने 13 जुलाई को इटावा में ARTO प्रवर्तन का कार्यभार संभाला था।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अनफिट, बिना परमिट, अनधिकृत और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेंगी। उन्होंने पत्रकारिता की आड़ में दलाली करने वालों पर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इटावा पुलिस ने बताया है कि प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा की जा रही है।
UP: इटावा की ARTO हुमा परवीन ने 5 अगस्त को अवैध ट्रक जब्त किया था। उसके बाद से उनकी गाड़ी का पीछा किया जा रहा है, कभी कार से कभी स्कूटी से। सुनसान जगह रोका जाता है।और धमकियाँ दिन जाती है। ARTO के पास वीडियो सबूत हैं। उन्होंने SP को लिखित शिकायत दी है और SSP से सुरक्षा मांगी है।… pic.twitter.com/6KEgBCWzAa
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) August 21, 2026










