नयी दिल्ली, खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने हाल के महीनों में भ्रामक विज्ञापनों, गलत दावों और लेबल संबंधी नियमों का पालन नहीं करने को लेकर नेस्ले इंडिया, पेप्सिको और कोका-कोला इंडिया समेत खाद्य कंपनियों को 150 नोटिस जारी किए हैं।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए हाल के महीनों में प्रमुख कंपनियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी साझा की।
एफएसएसएआई ने कहा, ‘‘भ्रामक विज्ञापनों, गलत दावों और लेबल संबंधी नियमों का पालन नहीं करने के मामलों में 150 से अधिक नोटिस जारी किए गए हैं।
नियामक ने उन प्रमुख कंपनियों की सूची भी साझा की, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें नेस्ले इंडिया, पेप्सिको, एबॉट इंडिया, रेड बुल इंडिया, डैनोन इंडिया, मॉन्स्टर एनर्जी इंडिया, हेल एनर्जी, मोंडेलेज इंडिया, कोका-कोला इंडिया, डियाजियो, पर्नो रिकार्ड, फेरेरो इंडिया और केनव्यू इंक शामिल हैं।
एफएसएसएआई ने कहा कि उसने पिछले कुछ महीनों में खाद्य कानूनों और नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामलों में विभिन्न खाद्य कारोबार संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
नियामक ने ऊर्जा पेय और मादक पेय बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। उसने बताया कि नियमों के उल्लंघन के कारण कई कंपनियों के उत्पाद जब्त किए गए हैं।
एफएसएसएआई ने ई-कॉमर्स कंपनियों अमेजन और फ्लिपकार्ट को भी 12 नोटिस जारी किए हैं। उसने कहा कि अमेजन के एक गोदाम का लाइसेंस भी रद्द किया गया है।
एफएसएसएआई के अनुसार, केएफसी, मैकडॉनल्ड्स, पिज्जा हट, डोमिनोज और कोस्टा कॉफी जैसे खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों को 30 से अधिक नोटिस जारी किए गए हैं। डोमिनोज के पांच लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
नियामक ने पिछले साल कई पांच सितारा होटलों को भी नोटिस जारी किए थे। एफएसएसएआई ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि उसके नोटिस के बाद कई कंपनियों ने नियमों के अनुपालन के लिए सुधारात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।










