अयोध्या, रौनाही थाना क्षेत्र स्थित ढेमवा पुल से सरयू नदी में छलांग लगाने वाली एक महिला को पुलिस की मुस्तैदी से सकुशल बचा लिया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टीमर से तलाशी अभियान चलाया और महिला को नदी से जिंदा बाहर निकाल लिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि संजय गंज गांधी नगर निवासी 27 वर्षीय अंजलि का अपने पति अजय दुबे से पैर के घाव का इलाज न कराने को लेकर मामूली विवाद चल रहा था। इसी घरेलू विवाद से तंग आकर महिला सुबह लगभग 10 बजे ढेमवा पुल पहुँची और सरयू नदी में कूद गई।
घटना देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक बालेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और बिना समय गंवाए स्टीमर की व्यवस्था कर तलाश शुरू की। लगभग दो किलोमीटर आगे मंगलसी के पास महिला नदी में दिखाई दी, जिसे सहायकों की मदद से सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
उपनिरीक्षक बालेंद्र सिंह ने बताया कि महिला का उसके पति के साथ घरेलू विवाद चल रहा था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया। अंजलि को प्राथमिक मेडिकल परीक्षण और इलाज के लिए सीएचसी सोहावल भेजा गया है। डॉक्टरी रिपोर्ट और परिजनों से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










