अयोध्या, सावन के पहले सोमवार को लेकर रामनगरी में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, लेकिन दूसरी तरफ व्यवस्थाओं को लेकर पुरोहित समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
नयाघाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर पुरोहित समाज द्वारा लगाए गए छप्पर और तख्त नगर निगम तथा पुलिस प्रशासन द्वारा हटाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम द्वारा कुछ तख्त और सामान भी जब्त किए गए हैं, जिससे पुरोहितों की जीविका और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर संकट खड़ा हो गया है।
पुरोहितों का कहना है कि हर वर्ष सावन मेले के दौरान बारिश और तेज धूप से बचाव के लिए घाटों पर छप्पर व तख्त लगाए जाते हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ और अनुष्ठान कराने में कोई असुविधा न हो।
पुरोहित समाज ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सावन का महीना मुख्य रूप से बारिश का समय होता है, ऐसे में बिना किसी छाया और छप्पर के घाटों पर बैठना और धार्मिक कार्य संपन्न कराना बेहद कठिन हो जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सावन मेले के दौरान पुरोहितों और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन क्या वैकल्पिक व्यवस्था करेगा।










