अयोध्या, रामनगरी में भगवान राम के दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी का एक मामला सामने आया है। यह मामला छोटी देवकाली मंदिर के पास स्थित कथित होटल “रामायना ग्रैंड” से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां बाहर से आई एक महिला श्रद्धालु से ‘सुगम दर्शन पास’ दिलाने के नाम पर ₹2000 वसूले गए।
पीड़ित महिला के अनुसार, होटल के कर्मचारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि वे विशेष ‘सुगम दर्शन पास’ उपलब्ध करा देंगे, जिससे उसे आसानी से और जल्दी दर्शन मिल सकेंगे। महिला ने भरोसा कर ₹2000 दे दिए। हालांकि, जब उसे पास मिला तो उस पर स्पष्ट रूप से “निशुल्क” लिखा हुआ था।
पास पर ‘निशुल्क’ अंकित देखकर महिला को ठगी का एहसास हुआ। उसने तुरंत होटल प्रबंधन से संपर्क कर पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन आरोप है कि होटल कर्मियों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
न्याय न मिलने पर महिला ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए पूरे मामले की जानकारी साझा की। उसने प्रशासन से कार्रवाई और अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की है।
अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के नाम पर अवैध वसूली और फर्जी पास के मामलों की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। कुछ मामलों में एफआईआर दर्ज होने की बात भी सामने आई थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर ठोस कार्रवाई न होने के आरोप लगते रहे हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का अयोध्या दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है और क्या श्रद्धालुओं के साथ हो रही कथित ठगी पर रोक लग पाती है या नहीं।
फिलहाल, इस मामले में संबंधित होटल या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
During my visit to the Shri Ram Mandir in Ayodhya, I was assisted by my hotel owner to obtain a “free pass,” for which I was charged ₹2000, despite it being clearly mentioned as free.@myogiadityanath @UPGovt @Uppolice @dgpup pic.twitter.com/O8unvYnoYW
— Debasmita rout (@Debasmitarout13) April 27, 2026




