कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हथियारों से लैस बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर सोने चांदी के गहनों से भरा बैग लूट लिया। पुलिस ने बदमाशों की गोली से घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवांक सिंह ने बताया कि घायल व्यापारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और बदमाशों की तलाश में इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घायल व्यापारी की शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने कहा कि अब तक यह पता नहीं चला है कि बैग में रखे गहनों का वजन और उनकी कीमत कितनी है। यह शिकायत मिलने पर ही पता चलेगा।


