देवरिया जिले में अलग-अलग व्यापारिक प्रतिष्ठानों के कैश काउंटर पर काम करने वाले दो कर्मचारियों के खिलाफ एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि का गबन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दिलीप सिंह ने बताया कि आरोपी कर्मचारियों ने ‘एसएस मॉल’ और ‘ईजी मार्ट’ से करीब 1.20 करोड़ रुपये की राशि की कथित तौर पर हेराफेरी की।
उन्होंने मॉल के संचालक उस्मान गनी की शिकायत के हवाले से बताया कि जब संचालक को प्रतिष्ठान घाटे में जाते दिखा तो उसने सीसीटीवी फुटेज से हर कर्मचारियों की गतिविधियां देखनी शुरू की।
अधिकारी ने शिकायतकर्ता के हवाले से बताया उसने देखा कि दोनों कर्मचारी मूल रसीद में राशि कम दर्शाते हुए ग्राहकों को अधिक कीमत की रसीद देते थे। उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं दोनों कर्मचारी काउंटर में रखी नोटों की गड्डी निकाल कर जेब में रख लेते थे।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद दोनों कर्मचारियों को उनकी करतूत बताते हुए पैसे वापस देने की बात कही गई तो शनिवार को दोनों कर्मचारियों ने संचालक को धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


