नयी दिल्ली, भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में एक इमारत से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जितेंद्र रावत (उम्र 35-40 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस सूत्रों ने बताया कि, IFS अधिकारी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे, लेकिन अभी तक इस तनाव की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पीछे की असली वजह जानने में दिक्कत हो रही है। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारी के परिवार और करीबी साथियों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।


