नयी दिल्ली, देश में मादक पदार्थ की तस्करी करने के आरोप में यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे से थाईलैंड की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 27 करोड़ रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी महिलाएं 19 फरवरी को थाईलैंड के फुकेट से भारत पहुंची थीं, जिसके बाद उन्हें यहां रोका गया था।
सीमा शुल्क विभाग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों महिलाओं के चार ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर इसमें हरे रंग के मादक पदार्थ के 54 पैकेट मिले। ऐसा संदेह है कि 27.08 किलोग्राम वजनी ये पैकेट गांजे के हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘नैदानिक परीक्षणों से पुष्टि हुई की उक्त पैकेट गांजा के हैं और इनका मूल्य लगभग 27.09 करोड़ रुपये है। विभाग ने बताया कि दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से प्रतिबंधित पदार्थ जब्त कर लिया गया है।


