कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद में गोली लगने से घायल हुई महिला की शुक्रवार को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बसेढ़ी गांव की अजरा बेगम उर्फ़ गुड़िया (46) को बुधवार की रात लगभग आठ बजे खाना खाते समय उसी के गांव के शमीम अहमद मंसूरी ने घर में घुसकर गोली मार दी थी। इस घटना के लिए जमीनी विवाद को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
सीने में गोली लगने से अजरा उर्फ़ गुड़िया गंभीर रूप से घायल हो गयी थी जिसका इलाज प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी।
सीओ ने बताया कि घटना के संबंध में अजरा के बेटे की तहरीर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी अब्दुल शमीम मंसूरी को बृहस्पतिवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


