दिल्ली, शालीमार बाग से विधायक और पूर्व महापौर रेखा गुप्ता को बीजेपी विधायक दल ने अपना नेता चुना है। इसके साथ ही, वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।
27 साल बाद सत्ता में लौटी भारतीय जनता पार्टी ने इस बार महिला नेतृत्व पर भरोसा जताया है। रेखा गुप्ता कल रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
हरियाणा के जींद की मूल निवासी रेखा गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं। 50 वर्षीय गुप्ता ने मेरठ से कानून की पढ़ाई की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। बीजेपी से उनके गहरे संबंध रहे हैं और वह उत्तरी दिल्ली की महापौर के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
रेखा गुप्ता को पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता और मजबूत प्रशासनिक क्षमता के लिए जाना जाता है। वह बीजेपी महिला मोर्चा की प्रभावशाली नेता रही हैं और वर्तमान में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव होने के साथ-साथ पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी हैं।
उनकी यह उपलब्धि बीजेपी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि वह देश के 21 बीजेपी शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया,"दिल्ली में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! pic.twitter.com/NXmT3OTDqG
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 19, 2025


