अयोध्या, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित वर्ष 2025 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू हो रही हैं। अयोध्या जनपद में 109 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। सभी परीक्षा केंद्र CCTV कैमरे से लैस है।
परीक्षा में 77 हजार से अधिक परीक्षार्थी संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में शामिल होंगे। परीक्षाओं को नकल मुक्त और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को तत्परता से स्थापित कर उसके संचालन और तकनीकी पहलुओं की जांच परख की जा रही है।
जनपद के परीक्षा केन्द्रों को 12 सेक्टरों में बांटा गया है। परीक्षार्थियों की संख्या के अनुपात में जनपद में पांच लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं की खपत होने की संभावना है। फिलहाल परीक्षा केन्द्रों को कापियों के वितरण का कार्य शुरू हो चुका है। अभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनात होनी है। छह सचल दलों का गठन किया जा रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बताया परीक्षाएं 22 फरवरी से प्रस्तावित हैं। सचल दल और परीक्षा नियंत्रक कक्ष की स्थापना की गई है। परीक्षा केन्द्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण भी शुरू गया है।


