अयोध्या, रुदौली कोतवाली के राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओ में दो लोगों की मौत हो गई व एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रविवार की देर शाम नौ बजे के आसपास अपने घर बस्ती से बुलेट बाइक पर सवार होकर दो लोग लखनऊ जा रहे थे। बुलेट सवार जैसे ही भेलसर चौकी क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग के भेलसर चौराहा ओवर ब्रिज के पास पहुंचे तभी गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करते समय पीछे से एक वाहन ने बुलेट में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे बाइक कुछ दूर तक सड़क पर रगड़ती हुई चली गई और अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
बाइक सवार अवधेश कुमार पुत्र रामदेव चौहान निवासी रानीपुर बस्तनवा थाना परशुरामपुर व बाइक पर सवार जगन्नाथ चौहान पुत्र भोलानाथ चौहान निवासी हरैया थाना परशुरामपुर जनपद बस्ती निवासी है। दोनों घायलों को सीएचसी रुदौली में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में जगन्नाथ चौहान पुत्र भोलानाथ चौहान 35 वर्ष की मौत हो गई।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने रुदौली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भेलसर चौकी के उपनिरीक्षक मनीष तिवारी तत्काल अपने हमराही सिपाही ताहिर खान व राजत कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को आनन फानन में सीएचसी रुदौली ले गए। जहां पर एक कि हालत गम्भीर देखते हुए डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
वहीं दूसरी सड़क दुघर्टना लखनऊ अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर रौजागांव ओवरब्रिज के पास ट्रैक्टर ट्राला पर बैठकर आ रहा युवक अचानक सड़क पर नीचे गिरा और ट्राला के नीचे आ गया। उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राला को अपने कब्जे में ले लिया है।
यह घटना रविवार की रात 11 बजे की बताई जा रही है। बाराबंकी के रामसनेही घाट क्षेत्र के मूसेपुर स्थित एक ईंट भट्ठे से ईंट लाद कर ट्रैक्टर ट्राला अयोध्या की तरफ जा रहा था। ट्रैक्टर ट्राला पर चालक सहित चार युवक मौजूद थे यह सभी युवक ईंट लादने व उतारने का कार्य करते हैं।
रौजागांव के पास अचानक ट्रैक्टर पर बैठे राम सनेही घाट के जेठबनी गांव निवासी 19 वर्षीय दुर्गेश कुमार अचानक उछलकर सड़क पर जा गिरा जब तक चालक ट्रैक्टर रोकता ट्राला युवक पर चढ़ गया।
इस सम्बंध में रुदौली कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। ट्रैक्टर ट्राला को कब्जे में ले लिया गया है। शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
वहीं उन्होंने बताया की दूसरे का सीएचसी में इलाज चल रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी।


