बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन पुल से गुजर रही कार नीचे रामगंगा नदी में गिर गई, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कार और उसमें सवार तीन लोगों के शव नदी से बाहर निकाले।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा फरीदपुर थाना क्षेत्र के खल्लपुर-दातागंज मार्ग पर बन रहे रामगंगा पुल पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही फरीदपुर और बदायूं जिले के दातागंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
अधिकारियों के मुताबिक, तीनों कार सवार रविवार सुबह करीब 10 बजे बरेली से दातागंज जा रहे थे और वे मार्गदर्शन के लिए जीपीएस की मदद ले रहे थे।
दरअसल, यह हादसा जीपीएस नेविगेशन के कारण हुआ है, बताया जा रहा हैं कि पुल अधूरा था, बाढ़ के चलते पुल का अगला हिस्सा नदी में बह गया था, जिस वजह से तेज रफ्तार कार सीधे पुल से नीचे जा गिरी। ये हादसा इतना खतरनाक था कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार तीनों लोगों की मौत होने के बाद हड़कंप मच गया।
कार से शवों को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे की खबर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके इकट्ठे हो गए और भारी भीड़ जुड़ गई, जिस वजह से लंबा जाम भी लग गया। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।
अक्सर लोग गूगल मैप की मदद से एक जगह से दूसरी जगह जाते हैं। इस हादसे में भी कार सवार युवक गूगल मैप का इस्तेमाल कर अपने किसी रिश्तेदार के यहां शादी में जा रहे थे। गूगल मैप पर गलत रास्ता दिखाए जाने से उनकी कार पुल से नीचे जा गरी और तीनों लोगों की मौत हो गई। तीनों मृतकों की पहचान हो गई है।
इस हादसे में जान गंवाने वाले विवेक और कौशल कुमार दोनों भाई थे और उनके साथ तीसरा शख्स अमित उनका दोस्त था। उनके परिवार वालों को जानकारी दे दी गई है।


