अमेरिका के रक्षा मंत्री पीटर हेगसेथ ने ईरान युद्ध को शुक्रवार को दुनिया के लिए उपहार बताया और कहा कि ईरानी जहाजों पर अमेरिकी नाकाबंदी ‘‘जब तक आवश्यक होगा’’ तब तक जारी रहेगी। वह अमेरिका के रक्षा विभाग मुख्यालय पेंटागन में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वैश्विक सुरक्षा के लिए ईरानी खतरे को समाप्त करने के वाशिंगटन के ‘‘साहसिक एवं खतरनाक’’ मिशन को पूरा करने के वास्ते ईरानी जहाजों पर अमेरिकी नाकाबंदी ‘‘जब तक आवश्यक होगा’’ तब तक जारी रहेगी।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि नाकाबंदी के कारण अब तक 34 जहाजों को वापस भेज दिया गया है, लेकिन पोत-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि ईरान अब भी अपने प्रतिबंधित तेल का कुछ हिस्सा स्थानांतरित करने में सक्षम है।
नौवहन डेटा और खुफिया जानकारी से जुड़ी कंपनी ‘लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस’ ने कहा कि फारस की खाड़ी में ‘‘अवैध बेड़ों की आवाजाही का एक निरंतर प्रवाह’’ रहा है, जिसमें ईरानी माल से भरे 11 टैंकर भी शामिल हैं जो 13 अप्रैल से जलडमरूमध्य के बाहर ओमान की खाड़ी से रवाना हुए हैं।
समुद्री खुफिया फर्म विंडवर्ड ने इस सप्ताह कहा कि ईरानी यातायात ‘‘धोखे के माध्यम से’’ जारी है।
ईरानी पोत ट्रैकिंग डेटा में हेराफेरी करके और पाकिस्तानी जलक्षेत्र से यात्रा करके नाकाबंदी से बचने में सक्षम हैं।




