नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में जगद्गुरु श्री कृपाल जी महाराज की एक बेटी की मौत हो गई है, जबकि दो बेटियों समेत सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए ।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।
पुलिस के अनुसार जगतगुरु की तीनों बेटियां दो कारों में सवार होकर वृंदावन से सिंगापुर जाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली जा रही थी, जहां से उन्हें सिंगापुर जाना था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान यह घटना हुयी ।
कृपालु महाराज के मुख्य शिष्य एवं प्रेम मंदिर के मुख्य सेवक अजय त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि जगतगुरू दिवंगत कृपालु महाराज की तीनों बेटियां तड़के चार बजे सिंगापुर जाने के लिये दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे जा रही थीं कि इसी दौरान रास्ते में नोएडा में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी कारों को टक्कर मार दी।
प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें उपचार के लिए नोएडा एवं दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां विशाखा त्रिपाठी (75) की मृत्यु हो गयी।
उन्होंने बताया कि कृपालु महाराज की दो बेटियां कृष्णा त्रिपाठी और श्यामा त्रिपाठी समेत सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जगतगुरू कृपालु महाराज एवं उनका परिवार मूलत: उत्तर प्रदेश के ही प्रतापगढ़ जनपद के मनगढ़ (कुण्डा) का मूल निवासी है। विशाखा त्रिपाठी ही वहां स्थित आश्रम की देखरेख करती थीं, जबकि उनकी दोनों छोटी बहनें क्रमश: वृन्दावन एवं बरसाना स्थित मंदिरों का कार्यभार संभालती हैं।
वहीं इस मामले में जगतगुरु कृपाल परिषद ने एक शोक संदेश में कहा है कि अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है की भक्ति धाम की अध्यक्ष डॉ विशाखा त्रिपाठी का दुर्भाग्यपूर्ण निधन हो गया है और उनका अंतिम संस्कार वृंदावन में किया जाएगा।


