अयोध्या, रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग किए जाने के मामले में पुलिस ने आपूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर बुधवार को भोजनालय के प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के रिकाबगंज स्थित सांई बाबा भोजनालय से जुड़ा है। 27 अक्तूबर को एसडीएम के निर्देश पर छापा पड़ा था। आपूर्ति निरीक्षक राकेश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 27 अक्तूबर को एसडीएम सदर के निर्देश पर उन्होंने सांई बाबा भोजनालय का निरीक्षण किया था। रसोई में टीम ने पड़ताल की तो घरेलू गैस सिलिंडर पर भोजन पकाए जाने की पुष्टि हुई थी।
मौके से पांच घरेलू गैस सिलिंडर भी बरामद हुए थे जबकि घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग करना गैरकानूनी है।रेस्टोरेंट के मालिक/मैनेजर विकास से इस संबंध में जानकारी चाही गई तो वह कोई जवाब नहीं दे सके और न ही कोई अभिलेख दिखा सके।
सिलिंडरों को कब्जे में लेकर एक गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई तो उन्होंने आरोपी मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कराने का निर्देश दिया। प्रभारी निरीक्षक अश्विनी पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके विवेचना की जा रही है।


