ग्रेटर नोएडा, वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसाइटी में पिछले कई दिनों से उल्लुओं के हमले से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था। शाम और रात के समय सोसाइटी में आने-जाने वाले लोगों पर उल्लू अचानक ऊपर से झपट्टा मारकर हमला कर रहे थे। इन घटनाओं में कई निवासी घायल हुए हैं।
शिकायतों के बाद वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए सोसाइटी परिसर से आठ उल्लुओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इनमें दो वयस्क और छह बच्चे बताए गए हैं।
निवासियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उल्लू सोसाइटी के पेड़ों, स्ट्रीट लाइट और इमारतों के आसपास दिखाई दे रहे थे। रात के समय पार्किंग या रास्ते से गुजरते लोगों पर अचानक झपट्टा मारने की घटनाएं सामने आईं। कई लोगों के सिर पर पंजों और चोंच से चोटें आईं। एक निवासी के सिर पर उल्लू ने दो बार पंजे मारे, जिससे चोट लगने के बाद उन्हें जरूरी उपचार कराना पड़ा।
लगातार हो रहे हमलों के कारण सोसाइटी के लोगों में डर बढ़ गया था। कुछ निवासियों ने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। लोगों ने वन विभाग से उल्लुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर किसी उपयुक्त स्थान पर छोड़ने की मांग की थी।
अब वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सोसाइटी से आठ उल्लुओं को रेस्क्यू कर लिया है। रिपोर्टों के अनुसार, इन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि उल्लुओं के आक्रामक व्यवहार के पीछे उनके घोंसले या बच्चों की सुरक्षा का कारण हो सकता है। हालांकि, पूरे मामले की स्थिति का आकलन वन विभाग की टीम कर रही है।
इस घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, वन विभाग की सलाह के मुताबिक लोगों को अभी भी रात के समय सावधानी बरतने और किसी भी जंगली पक्षी के करीब जाने से बचने की सलाह दी गई है।
ग्रेटर नोएडा में उल्लू 🦉 अरेस्ट 🧐😝
7 उल्लू पकड़े गए
इंसानों को निशाना बनाते थे
कुछ इंसानों का खोपड़ा खोल घायल कर चुके थे उल्लू
आज वन विभाग ने पकड़ लिया pic.twitter.com/MpGFGfZiOZ
— Siddhant Mohan (@Siddhantmt) September 14, 2026