गाजियाबाद, यहां कोर्ट में वकीलों और जज के बीच झड़प देखने को मिली। इसके बाद वकीलों ने हंगामा कर दिया। इतना ही नहीं जज पर कुर्सियां भी फेंकी, जिसके बाद जज ने फोन कर पुलिस बुलाई। पुलिस ने हंगामा कर रहे वकीलों को लाठीचार्ज करके खदेड़ा। इससे गुस्साए वकीलों ने कचहरी की पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की। इसके बाद चौकी में आग लगा दी।
फिलहाल, वकील कोर्ट के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और जज के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इधर, सूचना मिल रही है कि जजों ने भी बदसलूकी के खिलाफ अपना काम बंद कर दिया है। पूरा मामला जिला जज कोर्ट बताया जा रहा है। दरअसल, यहां पर एक व्यक्ति की जमानत को लेकर सुनवाई चल रही थी। वकील नाहर सिंह यादव की मांग थी कि, व्यक्ति की जमानत अर्जी दूसरे कोर्ट में ट्रांसफर कर दी जाए। इसी बात पर उनकी जिला जज अनिल कुमार से कहा सुनी शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि जिला जज डाइस से उतरकर नीचे आ गए। पहले तो थोड़ी गहमा-गहमी हुई। फिर मामला ज्यादा बढ़ गया। जज और वकीलों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद जिला जज ने फोन करके पुलिस और PAC बुलाई। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
वीडियो में पुलिसवाले वकीलों पर लाठियां बरसाते दिख रहे हैं। एक पुलिसवाला कुर्सी उठाते हुए भी दिख रहा है। वकीलों का आरोप है कि, जिला जज कोर्ट रूम में उन्हें चारों तरफ से दरवाजे बंद करके पीटा गया। इसमें कई लोगों को चोट भी आई है।


