सुल्तानपुर, शहर के पयागीपुर क्षेत्र के एक स्पा सेंटर के बाहर मंगलवार देर शाम दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर एक पक्ष के लोगों ने एक युवक को गोली मार दी। इससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक लोहरामऊ के भाजपा मंडल अध्यक्ष का भतीजा है। सोशल मीडिया पर गोली मारने का वीडियो भी वायरल हुआ है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी प्रवेश सिंह का पुत्र अभय प्रताप सिंह (22) मंगलवार देर शाम करीब छह बजे पयागीपुर चौराहे के निकट स्थित एक स्पा सेंटर के बाहर खड़ा था। तभी दो-तीन युवक उसके पास पहुंचे। दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई। बात बढ़ने पर दूसरे पक्ष के एक युवक ने असलहे से गोली चला दी। गोली अभय के सीने के नीचे बांई तरफ लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगोें की मदद से घायल अभय को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अभय लोहरामऊ भाजपा मंडल अध्यक्ष राम अभिलाष सिंह के भतीजे हैं।


